
By Sakshi Singh
ग्रेटर नोएडा, 25 अगस्त 2025 — नोएडा में सामने आए दिल दहला देने वाले दहेज हत्या के मामले में पुलिस ने पीड़िता निक्की भाटी के देवर रोहित भाटी (28) और ससुर सत्यवीर भाटी (55) को गिरफ्तार कर लिया है। इससे पहले निक्की के पति विपिन भाटी और सास दया भाटी को पहले ही पुलिस हिरासत में ले चुकी थी।
गिरफ्तारी के साथ ही इस जघन्य अपराध में शामिल चारों मुख्य आरोपी पुलिस की गिरफ्त में हैं। गिरफ्तारी कासना थाना क्षेत्र में की गई, जहां पुलिस ने दोनों आरोपियों को सिरसा टोल चौहारे के पास से दबोचा।
क्या है पूरा मामला?
26 वर्षीय निक्की भाटी को 22 अगस्त को ससुराल वालों ने मिलकर जलाकर मार डाला। निक्की की बहन कंचन भाटी, जो खुद भी उसी घर की बहू है, कंचन ने बताया कि निक्की पर कोई ज्वलनशील पदार्थ डाला गया था, और फिर उसके पति ने उसे जलाकर मार डाला।
दहेज की लालच: 36 लाख और लग्जरी कार की माँग
पीड़िता के पिता भिखारी सिंह ने बताया कि 2016 में जब निक्की और कंचन की शादी हुई थी, तब दहेज में स्कॉर्पियो गाड़ी, बाइक, सोना-चांदी और नकद दिया गया था। लेकिन इसके बाद भी उनके ससुराल वालों का लालच बढ़ता रहा। उनसे ₹36 लाख और एक लग्जरी कार की मांग की जाने लगी, जिसे न देने पर यह खौफनाक घटना अंजाम दी गई। निक्की के पिता ने मीडिया से बात करते हुए कहा, ये लोग कसाई हैं, इन्हें जीने का हक नहीं है। इनके घर पर बुलडोजर चलना चाहिए और इन्हें सख्त सजा मिलनी चाहिए।
घटना का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है, जिसमें निक्की को बालों से घसीटते हुए देखा गया और फिर आग की लपटों में झुलसती हुई सीढ़ियों से गिरती नजर आई।
निक्की को पहले स्थानीय अस्पताल और फिर दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल ले जाया गया, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई।
22 अगस्त को कासना थाने में FIR दर्ज की गई। इसमें भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धाराएँ लगाई गई हैं,इसके अलावा, पुलिस द्वारा गिरफ्तार किए गए पति विपिन भाटी को भागने की कोशिश के दौरान पुलिस मुठभेड़ में गोली मार दी गई थी। वहीं सास दया भाटी को उसी दिन गिरफ्तार किया गया।
यह मामला न केवल निक्की के लिए न्याय की मांग कर रहा है, बल्कि यह भारतीय समाज में दहेज प्रथा की भयावहता और कानून के क्रियान्वयन पर सवाल भी खड़ा कर रहा है।
संक्षेप में:
- पीड़िता: निक्की भाटी, उम्र 26 वर्ष
- घटना: जलाकर हत्या, सिरसा गाँव, ग्रेटर नोएडा
- आरोपी: पति, सास, ससुर और देवर — चारों गिरफ्तार
- कारण: ₹36 लाख और कार की दहेज मांग
- मांग: पीड़िता के परिवार द्वारा सख्त सजा और घर पर बुलडोजर चलाने की अपील
- कानून: भारतीय न्याय संहिता की हत्या, षड्यंत्र और चोट की धाराओं में केस दर्ज