दिल्ली स्थित अक्षरधाम मंदिर में रविवार को दीपावली का उत्सव श्रद्धा-प्रेम, भक्तिभाव और भव्यता के साथ मनाया गया।

इस उत्सव की शुरुआत शनिवार शाम, 7 नवंबर को 5:30 बजे से 7:00 बजे के बीच आयोजित श्री हनुमानजी महाराज के पूजन के साथ हुई। जिसमें वैदिक परंपराओं का पालन करते हुए, श्रद्धालु अपने परिवारों के साथ जीवन की नकारात्मकताओं से सुरक्षा, शक्ति और साहस की प्रार्थना करने के लिए एकत्र हुए। श्री हनुमान चालीसा के पाठ के साथ, भगवान को विशेष थाल-भोग अर्पण किया गया। वहीँ रविवार सुबह, 8 नवंबर को मंदिर में प्रातः 10:00 बजे से दोपहर 12:00 बजे तक लक्ष्मी शारदा पूजन और बही पूजन संपन्न हुआ।

श्रद्धालुओं, उद्यमियों और कामकाजी पेशेवरों ने अपनी बही खाता की कॉपियों को भगवान के समक्ष रखकर पवित्र करवाया। इस पूजन विधि में हजारों की संख्या में लोगों ने यजमान के रूप में भाग लिया और नव वर्ष में सभी के कल्याण के लिए शुभ मंगल प्रार्थना की। सभा को संबोधित करते हुए, पूज्य मुनिवत्सलदास स्वामी ने भगवान स्वामिनारायण के मूल उपदेशों और परम पूज्य महंत स्वामी महाराज के प्रेरणादायी मार्गदर्शन पर आध्यात्मिक विचार साझा किए। दीपावली उत्सव के मर्म पर प्रकाश डालते हुए उन्होंने बताया कि जहां जलते हुए दीपक हमारे घरों को रोशन करते हैं, वहीं सच्ची उत्सवधर्मिता मन से दुर्भावना को मिटाने, विनम्रता अपनाने और घरों व समाज में सद्भाव बनाए रखने में निहित है।हजारों जगमगाते दीपकों और पुष्प-तोरण से सुसज्जित, अक्षरधाम परिसर ने सभी श्रद्धालुओं का स्वागत किया।इस आयोजन को सफल बनाने में मंदिर के निस्वार्थ स्वयंसेवकों का अहम् योगदान रहा। आने वाले 10 नवंबर के दिन अक्षरधाम मंदिर में भगवान के समक्ष महा अन्नकूट भोग अर्पण किया जाएगा और साथ ही गोवेर्धन पूजा का भी आयोजन होगा।